ब्रेकिंग न्यूज

Baloda Bazar

नेशनल हाईवे पर कहर: ट्रक की टक्कर से एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों की मौत

30-Jan-2026
बलौदाबाजार  ( शोर संदेश ) । जिले में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कसडोल थाना क्षेत्र के सेल गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक सभी एक ही बाइक पर सवार थे और वे तुरकीनडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।


 

बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

19-Jan-2026
बलौदाबाजार  ( शोर संदेश )  जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लवन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डोंगरीडीह के पास हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक और एचपी गैस सिलेंडर से लदे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल कसडोल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के अनुसार, गैस सिलेंडर लोड ट्रक कसडोल की ओर जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
 

बलौदाबाजार जिले में अवैध धान भंडारण के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई

17-Jan-2026
बलौदाबाजार ( शोर संदेश )बलौदाबाजार जिले में कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा-निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने तथा बिचौलियों एवं अवैध व्यापारियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सघन जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न तहसीलों में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान बिचौलियों और फुटकर व्यापारियों से भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया गया है।
बलौदाबाजार-भाठापारा जिले के भाटापारा तहसील अंतर्गत ग्राम धुर्राबांधा में पुनीत पाल के निवास से 452 कट्टा (लगभग 180 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया। संबंधित व्यक्ति द्वारा धान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।
तहसील कसडोल अंतर्गत ग्राम कोमसरा में बिचौलिया व्यापारी मुरीतराम के पास से  22.40 क्विंटल तथा ग्राम खर्वे में बिचौलिया व्यापारी जगदीश के पास से 41 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिसे टीम द्वारा जब्त कर संबंधित ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया। इसके अतिरिक्त कसडोल क्षेत्र के दो अन्य बिचौलियों के यहां दबिश देकर कुल 85 कट्टा धान जब्त किया गया तथा उनकी दुकानों को सील कर दिया गया है।
इसी प्रकार तहसील पलारी अंतर्गत ग्राम अमेरा में फुटकर व्यापारी विश्वनाथ पटेल से 12 क्विंटल, दर्शन पटेल से 11.20 क्विंटल तथा ग्राम पाहंदा में व्यापारी गजेन्द्र घृतलहरे से 12 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। ग्राम लवन में फुटकर व्यापारी जगमोहन साहू के प्रतिष्ठान से 46 बोरी (18.40 क्विंटल) तथा रामखिलावन साहू के प्रतिष्ठान से 96 बोरी (38.40 क्विंटल) सहित कुल 56.80 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं ग्राम नरधा में बिचौलिया घनश्याम, पिता भगतराम कोलता के पास से 36 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया।
धान की अवैध आवाजाही पर नियंत्रण के लिए जमीनी स्तर पर निगरानी और सुदृढ़ की गई है। इसी क्रम में एसडीएम भाटापारा द्वारा सेमरिया घाट चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट रजिस्टर की प्रविष्टियों का मंडी जाने वाले वाहनों के अभिलेखों से मिलान किया गया तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को अवैध धान परिवहन को हर हाल में रोकने के निर्देश दिए गए।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं में देशभक्ति और नेतृत्व का संचार

13-Jan-2026
बलौदाबाजार।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार–भाटापारा जिले में जिला स्तरीय युवा संवाद एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके विचार, ऊर्जा और संकल्प से ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भरता, नवाचार और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों, कॉलेज विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न सत्रों में युवाओं से सीधा संवाद, प्रेरक व्याख्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और अनुभव साझा किए गए। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
जिला प्रशासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए 900 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा राष्ट्र सेवा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया। यह आयोजन जिले में युवाओं के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।







 

बलौदाबाजार में प्रभारी मंत्री जायसवाल ने विभागीय कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की

08-Jan-2026
बलौदाबाजार।  ( शोर संदेश )  स्वास्थ्य मंत्री एवं बलौदाबाजार जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने  बुधवार को जिला पंचायत सभाक़क्ष  में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।बैठक में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री जायसवाल ने कहा कि हमारी सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाने प्रतिबद्ध है इसके लिये जीरो  टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। सभी अधिकारी इस नीति को धरातल पर उतारने अनुपालन सुनिश्चित करें।  उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि योजनाओं के क्रियान्वयन या लोगों की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं सीएमएचओ  स्कूल व अस्पतालों का नियमित दौरा कर निरीक्षण करें और कमियों को दुरुस्त करें। शासन स्तर पर कोई मांग हो तो तत्काल प्रस्ताव भेजें,  मंजूरी देने में कोई विलम्ब नहीं होगा। उन्होंने ग्राम पंचायतों  में विकास कार्य निर्धारित कर प्रस्ताव तैयार करने कहा। इसीतरह नगरीय निकायों में सडक, पानी, बिजली, नाली, साफ-सफाई  पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।
प्रभारी मंत्री ने नई योजना वी बी- ज़ी राम ज़ी के बारे में जानकारी दी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने के लिये यह योजना मिल का पत्थर साबित होग़ा। इस योजना के तहत अब ग्रामीण ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को 125 दिन रोजगार मिलेगा और भुगतान सप्ताह भर में हो जाएगा। योजना के तहत अधोसंरचना सम्बन्धी कार्य भी ग्रामीण क्षेत्रों में हो सकेंगे, तकनीक का भी उपयोग होग़ा ताकी कम समय पर पारदर्शी कार्य सुनिश्चित होगा। उन्होंने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव में तेजी लाने तथा खरीदी लिमिट बढ़ाने तथा छूटे हुए किसानों का रकबा संशोधन करने के निर्देश दिये।उन्होंने कहा कि सभी वास्तविक किसानों का एक- एक दाना धान खरीदी की जाएगी।उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुय्र प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किश्त जारी होने के बाद भी निर्माण प्रारम्भ नहीं होने पर नारजगी जहिर करते हुए जनपद सीईओ को आगामी एक माह में निर्माण प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत टीबी मरीजों एवं सिकल सेल मरीजों का शत प्रतिशत स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिये। शासकीय अस्पताल से अनावश्यक रूप से मरीजों को निजी अस्पतालों में रिफर न करने के भी निर्देश दिये।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राजस्व के कार्यों में पारदर्शिता लाने सरकार तकनिक के उपयोग को बढ़ावा डे रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व सम्बन्धी छोटे छोटे कामों के लिये लोगों को परेशानी न हो। आरआई और पटवारी फिल्ड में संवेदनशीलता के साथ काम करें, किसी प्रकार की शिकायत आने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
 

बलौदाबाजार में सड़क हादसा: घायल युवा इंजीनियर अविनाश गुप्ता का इलाज के दौरान निधन

05-Jan-2026
बलौदाबाजार।  ( शोर संदेश ) तीन दिन पहले सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवा इंजीनियर और व्यवसायी अविनाश गुप्ता का रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आज दुखद निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि अविनाश अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे, जिससे परिजनों का दुःख और भी गहरा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अविनाश गुप्ता का निवास हाईस्कूल रोड पर नगरपालिका के पास था। घटना के दिन वे अपनी दुकान जाने के लिए घर से निकले थे, तभी तेज रफ्तार तीन-सवार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।
यह हादसा शहर के व्यस्त हाईस्कूल रोड पर हुआ, जहां कई शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात व्यवस्था की कमी के कारण यहां दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
नागरिकों ने प्रशासन से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और सख्त कार्रवाई की मांग की है। अविनाश गुप्ता के निधन से पूरा नगर शोकाकुल है।

बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत, छह घायल

30-Dec-2025
बलौदाबाजार।  ( शोर संदेश ) बलौदाबाजार जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। गिधपुरी थाना क्षेत्र के तेलासी गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क किनारे खड़ी क्रूजर गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक हादसा सोमवार सुबह करीब 2 बजे हुआ। तेलासी गांव निवासी कमल परिवार अपनी 17 वर्षीय बेटी को इलाज के लिए खपरी गांव ले जा रहा था। बताया गया कि लड़की की तबीयत खराब थी और उसे बैगा के पास झाड़-फूंक के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान किसी कारण से क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की गई थी। परिवार के कुछ सदस्य गाड़ी से उतर ही रहे थे कि चिखली घाट की ओर रेत लेने जा रहा तेज रफ्तार हाईवा पीछे से आकर क्रूजर से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर सड़क से उतरकर पास के खेत में पलट गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। छह घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।




 

 


अलग-अलग कार्रवाई में 400 बोरी धान जब्त

16-Dec-2025
बलौदाबाजार (शोर संदेश)। धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु बलौदाबाजार जिले में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा लगातार जांच पड़ताल और कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम ने बिचौलिए द्वारा अवैधानिक तरीके से धान खपाने की नीयत से रखे गए 233 बोरी अवैध धान जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि विकासखंड पलारी के ग्राम साराडीह में नीलेश ट्रेडर्स दुकान के सामने दूसरे खाते के जरिए धान खपाने की नीयत से धान रखा गया है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर 233 बोरी धान को जब्त किया गया। इसी प्रकार तहसील लवन अंतर्गत राजस्व एवं मंडी टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम डमरू में फुटकर व्यापारी संजय साहू से 55 बोरी, गिरीश साहू से 26 बोरी तथा हनी जायसवाल से 30 बोरी धान जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम कोलियारी में हेमिन मंडावी की किराना दुकान से 55 कट्टा धान जब्त किया गया। जिला प्रशासन ने कहा है कि धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली क़िस्त जारी, 26 हजार 400 पीएम आवास निर्माण स्वीकृत

02-Dec-2025
बलौदाबाजार (शोर संदेश)। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों को पक्का मकान प्रदान करने का क्रांतिकारी कदम है जो ना केवल आवास की कमी को दूर करती है बल्कि ग्रामीण जीवन को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाती है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को शीघ्र प्रारंभ कराने एवं समय-सीमा में पूर्ण कराने कलेक्टर बलौदाबाजार के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में सभी ग्राम पंचायतो में आवास चौपाल का आयोजन कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2025-26 हेतु जिले में 26 हजार 400 आवास निर्माण को स्वीकृत किया गया, जिसमें से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्योत्सव के अवसर पर 25 हजार 580 हितग्राहियों के खाते में पहली किश्त की राशि जारी की गई। आवास चौपाल का आयोजन सभी ग्राम पंचायतों में तकनीकी अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है, जिसमे, सभी नवीन स्वीकृति उपरांत राशि प्राप्त आवास के हितग्राही, पूर्व वर्षाे के स्वीकृति उपरांत अपूर्ण आवास के हितग्राही, राजमिस्त्री, निर्माण, सामाग्री सप्लायर, सरपंच, सचिव एवं अन्य संबंधित शामिल होते हैं।
आवास निर्माण की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना। रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग का निर्माण कराना। सौर सुजला के तहत सौर पैनल लगवाने की जानकारी देना शामिल है। वर्ष 2025-26 में प्रथम क़िस्त जारी 25 हजार 580 आवास के हितग्राहियों को क़िस्त जारी किए गए हैं। सभी आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ कराना। योजना के तहत कन्वर्जेन्स के माध्यम से मिलने वाले अन्य लाभ का जानकारी देना। राजमिस्त्री एवं निर्माण सामग्री की उपलब्धता पर पंचायतों में आवास चौपाल में चर्चा की जा रही है । अब तक बलौदाबाजार में 56, भाटापारा 34, कसडोल में 24 और पलारी 22 पंचायतों में आवास चौपाल करा किया गया है। इस चौपाल में पूर्व वर्षाे के आवासों को जल्दी पूर्ण कराना।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पारदर्शी और निःशुल्क योजना है जहां किसी भी स्तर पर कोई शुल्क नही लिया जाता। कलेक्टर बलौदाबाजार ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत वसूली, कमीशन या सुविधा शुल्क की मांग नहीं कर सकता। यदि कोई ब्यक्ति आवास पास कराने क़िस्त जल्दी दिलाने या अन्य किसी बहाने से पैसा की मांग करता है, अनाधिकृत वसूली करने पर, तत्काल शिकायत जनपद पंचायत सीईओ, सीईओ जिला पंचायत या कलेक्टर कार्यालय में दर्ज करायें। ऐसे मामलों का त्वरित जांच कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

प्रदेश में चहुमुखी विकास—हर वर्ग को मिल रहा लाभ : मंत्री टंक राम वर्मा

30-Nov-2025
 बलौदाबाजार-( शोर संदेश )। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नगर पंचायत टुण्ड्रा में विकास का नया अध्याय लिखा। इस अवसर पीकर उन्होंने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकापर्ण और शिलान्यास किया। टुण्ड्रा के हायर सेकंडरी स्कूल खेल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने 71.12 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाले हायर सेकंडरी स्कूल भवन का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश में चहुमुखी विकाश हो रहा है इसका लाभ हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के किसान, महिला, युवा और व्यापारी सभी वर्गों में सरकार की योजनाओं से उत्साह और संतोष का माहौल है। मंत्री ने कहा कि ये निर्माण कार्य क्षेत्र की प्रशासनिक क्षमता, शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती प्रदान करेंगे। मंत्री श्री वर्मा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर तहसील कार्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा भी की।
इस अवसर पर सांसद जांजगीर-चांपा कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नगरवासी उपस्थित रहे।







 


+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account